टीवी पर चलती नोक-झोंक

 




आजकल गालियां बेची खरीदी जाती हैं. इसके लिए टीवी पर आकर एक खेल खेलना पड़ता है. खेल का नाम है आइए, संविधान की हत्या करें. आइये, लोकतंत्र का गला घोटं खेल का पहला दौर है कि आप अगले एक घंटे तक मुझे संविधान का हत्यारा साबित करते रहिए लोकतंत्र का गला घोंटने वाला साबित कर दीजिए, आप चीखते रहिए, चिल्लाते रहिए, संविधान की हत्या करने के लिए मेरे नाम की माला जपते रहिए. फिर हम एक-दूसरे की पोजीशन बदल लेंगे. अगले एक घंटे तक मैं आपको संविधान का हत्यारा साबित करने की चाल चलता रहूंगा. लोकतंत्र का गला घोटने वाला ठहरा दूंगा.



टीवी पर नोंक-झोंक चलती रहेगी. अपनी-अपनी पार्टी की दाल गलती रहेगी. मूर्ख दर्शकों के आगे अपनी सियासी चालें यूं ही चलती रहेंगी. हम एक-दूसरे पर लांछन, आरोप, कीचड़ आदि लगाते रहेंगे. तर्क, कुतर्क करते रहेंगे. एक घंटे पहले हम क्या थे, वो पाला आपस में बदल लेंगे. अपनी-अपनी पार्टी के गीत गाने के लिए, अपनी-अपनी महफिल सजाने के लिए. यह ड्रामेबाजी तो करनी ही पड़ेगी. नाटक करना ही पड़ेगा. अपना-अपना पेट भरना ही पड़ेगा. जो ऐसा नहीं करेगा, उस पार्टी भक्त को यूं ही सड़ना पड़ेगा. आदमी का रूप धरकर सांप-नेवला बने यूं ही लड़ना पड़ेगा. एक-दूसरे की सीढ़ी खींचकर ऐसे आगे बढ़ना ही पड़ेगा. टीवी पर टाइम पास तो करना ही पड़ेगा. ये टीवी वाले टाइम के आधार पर ही तो पेमेंट करते हैं. जो जितना वजनदार गाली बकेगा, उसका ज्यादा पेमेंट, जो जितना जोर से बोलेगा, उसी का



ज्यादा पेमेंट जो जितना बड़ा जूता दिखायेगा, उसी का ज्यादा पेमेंट, टीवी की डिबेटों का यही तो जलवा है, टीवी पर आओ, जूता दिखाओ और पेमेंट पाओ. झूठ बिखेरो और कहते जाओ, ये सब सिद्धांतों की लड़ाई है. सांप की केंचुली की तरह पार्टी बदलते जाओ और प्रतिबद्धता के गीत गाते जाओ. विचारधारा की लड़ाई बताओ और अपने निजी स्वार्थ के विचारों की धारा में बह जाओ.



आप वास्तव में सिद्धांतों की लड़ाई लड़ते हैं. सच्चा सिद्धांत यह है कि आपके आगे जो पेट लटका हुआ है, उसमें तरह-तरह का माल भरना ही पड़ता है. सच तो यह है कि आप प्रतिबद्ध हो अपने विकास के लिए अपने लिए एक के बाद एक नयी कोठी, बंगले, कार के लिए, टीवी पर जूता दिखाओगे, तो ही अपनी बीवी के लिए नयी जूतियां लाओगे. विरोधी पार्टी के बैनर फाड़ोगे तभी तो टीवी पर लफ्फाजी के झंडे गाड़ोगे वोट के इस खेल में, दो दलों के खेल में बहस में सिर्फ अपनी पार्टी छाप जूता ही खोलिए भेज दे कोई जेल में, वोट के इस खेल में डरता नहीं चाहे हो जमीं, चाहे आसमां, बहस जहां तक भी जायेगी, मैं वहां चला जाऊंगा.



तेरा पीछा ना मैं छोडूंगा, चीख-चीख कर टॉप गालियां बोलिए भेज दे कोई जेल में, वोट के इस खेल में ओ मेरी कुर्सी रानी, तू है बड़ी सयानी हे कुर्सी! ओ जान-ए-जिगर, चालू चुनाव में तू अगर मुझसे ना मिली, टीवी पे आके दिन-रात चिल्लाऊंगा, तेरा पीछा ना मैं छोडूंगा, जात-धर्म के जहर घोलिए, बस कड़वा कड़वा जहरीला बोलिए.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ