कश्मीर के सेब पटना में महंगे मिलते हैं और कर्नाटक के केएल राहुल लखनऊ में टॉप भाव पा रहे हैं, खिलाड़ी वहीं का हो जाता है, जहां सही रेट लग जाए. महाराष्ट्र का हापुस आम हर भारतीय के लिए नहीं है. विदेश में ज्यादा चुकानेवाले हैं, तो उन्हें मिलता है. केएल राहुल लखनऊ आइपीएल टीम को मिले हैं.
यूं लखनऊ आइपीएल टीम कितनी लखनऊ की है, यह अलग सवाल है. रेट जहां से मिले, टीम और खिलाड़ी वहां के हो जाते हैं. केएल राहुल कुछ समय पहले तक पंजाब आइपीएल टीम में थे, अब वह लखनवी हो गये हैं, सब्जी मंडी का नियम है, जहां रेट सही मिले, माल वहीं जायेगा. महाराष्ट्र का प्याज महाराष्ट्र का गरीब किसान नहीं खा सकता है क्योंकि प्याज को सौ रुपये किलो का भाव दिल्ली वाले दे देते हैं. भावों के साथ दिक्कत यह है कि ये हमेशा ऊपर ना रहते.
विराट कोहली के भाव नीचे आ रहे हैं. भाव खिलाड़ी के ना होते, परफॉरमेंस के होते हैं. परफॉरमेंस आज होती है कल नहीं होती है. सेंचुरी दर सेंचुरी मारने वाले विराट कोहली एक सेंचुरी को तरस रहे हैं. बाजार बहुत निष्ठुर होता है, वह अतीत नहीं देखता. पिचके पिलपिले टमाटर आधे रेट में नहीं, चौथाई रेट में बिकते हैं.
कोई याद ना करता कि हाय क्या शानदार अतीत था इन टमाटरों का. कैसे सुंदर तने, चमकदार होते थे. सब्जी मंडी के बड़े कारोबारी कहते हैं- हटाओ इन पिलपिले टमाटरों को जगह घेर रहे हैं. नयों को जगह दो. नयों की जगह मिल रही है. भारत की वनडे कप्तानी केएल राहुल के पास चली गयी.
खिलाड़ी पंजाब से लखनऊ पेमेंट ज्यादा मिलने पर चला आता है. क्या होगा अगर कल को इमरान खान ऑफर कर दें विराट कोहली को कि आइए पाकिस्तान, हम आपको इंडिया से ज्यादा पैसा देंगे. सब्जी मंडी और फल मंडी तो उस अर्थ में ग्लोबल हो गयी हैं कि महाराष्ट्र का हापुस आम विदेशों में दे दना दन मिल रहा है.
कल को विराट कोहली, केएल राहुल पाकिस्तान के लिए ज्यादा रेट में खेलने लग गये तब! वैसे इसकी आशंका कम ही है, क्योंकि पाकिस्तान पैसे-पैसे के लिए चीन का मोहताज है, यानी यह आशंका बनी हुई है कि भारतीय खिलाड़ी चीन की तरफ से खेल सकते हैं. चीन की तरफ से क्रिकेट खेल सकते हैं विराट कोहली. वैसे एक चीनी फोन के ब्रांड एंबेसडर तो वह पहले ही हो चुके हैं,

0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment box